उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पैतृक गांव पंचूर में ग्रामीण युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ओपन जिम की शुरुआत की गई। इस खास मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और योगी आदित्यनाथ ने एक साथ जिम उपकरणों पर कसरत कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं का अलग अंदाज देखने को मिला।
ग्रामीणों और युवाओं के बीच पहुंचकर उन्होंने फिटनेस और नियमित व्यायाम के महत्व पर जोर दिया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही बेहतर जीवन की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को रोजाना व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि गांवों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं को खेल और फिटनेस से जोड़ना जरूरी है, ताकि नई पीढ़ी शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बन सके।
ओपन जिम के उद्घाटन के दौरान स्थानीय लोगों और युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में पहुंचे और दोनों मुख्यमंत्रियों का स्वागत किया। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि इस तरह की सुविधाएं गांव के युवाओं को फिट और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगी।






