Home / गढ़वाल न्यूज़ / पिथौरागढ़ में भूस्खलन बना आफत, झूलाघाट मार्ग बंद होने से दिल्ली बस सेवा रुकी

पिथौरागढ़ में भूस्खलन बना आफत, झूलाघाट मार्ग बंद होने से दिल्ली बस सेवा रुकी

पिथौरागढ़: जामिरपानी में पहाड़ से गिरा मलबा, झूलाघाट मार्ग पर दिनभर थमी आवाजाही

पिथौरागढ़। झूलाघाट-पिथौरागढ़ सड़क पर जामिरपानी के पास सोमवार को भूस्खलन ने यातायात व्यवस्था बिगाड़ दी। पहाड़ी से लगातार मलबा और बड़े बोल्डर सड़क पर आने के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही लंबे समय तक पूरी तरह बंद रही। मार्ग बाधित होने का असर झूलाघाट से दिल्ली जाने वाली बस सेवा पर भी पड़ा।

बताया गया कि सुबह के समय पहाड़ी से मलबा गिरना शुरू हुआ। कुछ ही देर में मलबे की मात्रा बढ़ गई और बड़े-बड़े पत्थरों के सड़क पर आने से पूरा मार्ग बंद हो गया। रास्ता बंद होने के चलते स्थानीय यात्रियों के साथ भारत आने-जाने वाले नेपाली नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों को जामिरपानी से बनाड़ा प्रेमनगर तक पैदल जाना पड़ा।

मार्ग खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग की जेसीबी को करीब 11 बजे मौके पर भेजा गया। हालांकि, पहाड़ी से रुक-रुककर मलबा गिरने के कारण मशीन से मलबा हटाने का काम प्रभावित होता रहा। कुछ समय के लिए सड़क से मलबा हटाकर यातायात शुरू कराने की कोशिश हुई, लेकिन करीब दो मिनट बाद फिर मलबा आने से रास्ता बंद हो गया। शाम तक मार्ग पूरी तरह सुचारु नहीं हो सका।

तालेश्वर में बरसाती नाले ने रोकी आवाजाही

उधर, झूलाघाट-जौलजीबी सड़क पर भी बारिश के पानी ने परेशानी बढ़ा दी। तालेश्वर के समीप कट्यानी क्षेत्र का बरसाती नाला उफान पर आने से सड़क पर पानी बहने लगा। यह नाला तालेश्वर के पास सड़क को पार करते हुए काली नदी की ओर जाता है।

नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण वाहन चालक जोखिम उठाने से बचते रहे। लगातार बारिश के बाद सड़क पर दोबारा बरसाती पानी आने से इस मार्ग पर भी आवाजाही प्रभावित रही। इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *