Home / गढ़वाल न्यूज़ / ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में अहम निर्माण, सिवाई के पास सेना के लिए बन रही तीन सुरंगें

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में अहम निर्माण, सिवाई के पास सेना के लिए बन रही तीन सुरंगें

चमोली: सिवाई में तीन सुरंगों का निर्माण जारी, 60 फीसदी से ज्यादा काम पूरा

चमोली। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण कार्य के साथ सिवाई क्षेत्र में तीन सुरंगों को तैयार करने का काम भी तेजी से चल रहा है। सिवाई रेलवे स्टेशन के समीप बन रही इन सुरंगों का निर्माण रेलवे और सेना की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।

परियोजना के तहत प्रस्तावित तीन सुरंगों में से दो का उपयोग रेल परिचालन के लिए किया जाएगा, जबकि तीसरी सुरंग को सेना के आवागमन के लिए सड़क के रूप में विकसित किया जाना है। तीनों सुरंगों की कुल लंबाई करीब 3,400 मीटर बताई गई है।

निर्माण एजेंसी मैक्स कंपनी की ओर से वर्ष 2025 में सुरंगों की खोदाई का कार्य शुरू किया गया था। कंपनी के परियोजना प्रबंधक आरएस वर्मा के अनुसार अब तक तीनों सुरंगों का 60 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। निर्धारित गति से काम जारी रहा तो अगले एक वर्ष के भीतर निर्माण पूरा होने की उम्मीद है।

अधिकारियों के मुताबिक सुरंगों की खोदाई का चरण पूरा होने के बाद इनके अंदर आवश्यक संरचनात्मक कार्य किए जाएंगे। इसमें गेंट्री यानी पुलनुमा ढांचे और अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। खास बात यह है कि तीनों सुरंगें आपस में जुड़ी रहेंगी, जिससे परियोजना के संचालन और आवागमन में सुविधा मिलेगी।

ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेल लाइन के निर्माण के साथ सिवाई में चल रहा यह काम परियोजना के महत्वपूर्ण हिस्सों में शामिल है। यहां रेल यातायात के साथ सेना के लिए प्रस्तावित सड़क संपर्क को भी विकसित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *