Home / देहरादून समाचार / रामनगर-देहरादून के बीच सीधी ट्रेन को मंजूरी, यात्रियों को बड़ी राहत

रामनगर-देहरादून के बीच सीधी ट्रेन को मंजूरी, यात्रियों को बड़ी राहत

केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए रामनगर और देहरादून के बीच नई सीधी रेल सेवा शुरू करने की मंजूरी दे दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस संबंध में गढ़वाल से सांसद अनिल बलूनी को पत्र भेजकर जानकारी दी।

दरअसल, सांसद बलूनी ने 5 जनवरी को रेल मंत्री से मुलाकात कर इस रूट पर सीधी ट्रेन चलाने की मांग उठाई थी, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है। इस फैसले पर उन्होंने रेल मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड की रेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सक्रिय है।

नई रेल सेवा शुरू होने से कुमाऊं क्षेत्र के रामनगर और गढ़वाल के देहरादून के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा। अब यात्रियों को बीच में ट्रेन बदलने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा, जिससे समय और किराये दोनों की बचत होगी।

इस सेवा का सबसे बड़ा फायदा छात्रों और मरीजों को होगा। रामनगर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए अब एम्स ऋषिकेश और दून अस्पताल जैसे प्रमुख संस्थानों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। साथ ही, पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा क्योंकि जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और मसूरी के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

सांसद बलूनी ने बताया कि राज्य में पहले से ही नैनी-दून एक्सप्रेस, कोटद्वार-दिल्ली रेल सेवा और वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी सुविधाएं संचालित हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि इस नई ट्रेन सेवा से न सिर्फ यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *