
रुड़की: आईआईटी रुड़की परिसर में सुबह टहलने निकली एक महिला को ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई। उन्हें उपचार के लिए पहले रुड़की के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर देहरादून रेफर किया गया। मैक्स अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान आईआईटी रुड़की के बायोटेक्नोलॉजी विभाग में कार्यरत प्रोफेसर पार्थ राय की पत्नी रूपा राय के रूप में हुई है। बताया गया कि सोमवार सुबह वह अपने आवास से मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। इसी दौरान कैमिस्ट्री विभाग के समीप सड़क पर गुजर रहे ई-रिक्शा की चपेट में आ गईं।
सिर में आई गंभीर चोट
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। रुड़की सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर भेज दिया। इसके बाद परिजन उन्हें देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना आईआईटी प्रशासन और परिसर में मौजूद अन्य लोगों को मिली तो संस्थान में शोक का माहौल बन गया। फैकल्टी सदस्यों और छात्र-छात्राओं ने घटना पर दुख जताया।
ई-रिक्शा चालक पुलिस की हिरासत में
घटना के बाद आईआईटी प्रशासन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ई-रिक्शा को कब्जे में लेने के साथ चालक को भी हिरासत में लिया है। हादसा किस परिस्थिति में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस चालक के नशे में होने की आशंका समेत अन्य पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखकर कार्रवाई कर रही है।
कैंपस में वाहनों की आवाजाही पर चर्चा
इस घटना के बाद आईआईटी परिसर में रहने वाले विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। परिसर में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के बावजूद वाहनों की गति और आवाजाही को नियंत्रित करने की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि कैंपस के भीतर पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाने की जरूरत है। बताया जाता है कि इससे पहले भी परिसर में वाहन की टक्कर से एक छात्रा के घायल होने की घटना सामने आ चुकी है।
पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



