
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान हेली सेवा की टिकट बुक कराने का झांसा देकर श्रद्धालु से लाखों रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद गुप्तकाशी पुलिस ने जांच शुरू की और मामले में एक आरोपी को ऋषिकेश से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, अगस्त माह में कोतवाली गुप्तकाशी में हेली टिकट बुकिंग के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। महाराष्ट्र के पुणे निवासी करण गुजराल ने आरोप लगाया था कि केदारनाथ यात्रा के लिए हेली सेवा उपलब्ध कराने के नाम पर उनसे करीब पांच लाख रुपये की रकम ऑनलाइन ठग ली गई।
शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने ऑनलाइन लेनदेन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। जांच में शीशमबाड़ा, शेरपुर देहरादून निवासी राहुल थापा का नाम सामने आया। आरोप है कि उसने श्रद्धालुओं को हेली टिकट उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाकर उनसे रकम हासिल की और बाद में ठगी की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को ऋषिकेश से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी को जिला कारागार पुरसाड़ी, चमोली में रखा गया है।
मोबाइल और बैंक से जुड़े दस्तावेज बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस अब इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंकिंग दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि ऑनलाइन ठगी से जुड़े अन्य लेनदेन और संभावित संपर्कों की जानकारी जुटाई जा सके।
जांच के दौरान पुलिस को कुछ होटल संचालकों और हेली सेवा उपलब्ध कराने वाली कंपनियों से जुड़े तथ्य भी मिले हैं। इन पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में फाटा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिनेश सती और मुख्य आरक्षी जयप्रकाश समेत पुलिस टीम शामिल रही।



