
एसआईआर ड्यूटी के साथ विभागीय जिम्मेदारियां भी निभाएं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां: रेखा आर्यादेहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने स्पष्ट किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की ड्यूटी के कारण आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां प्रतिदिन कम से कम एक घंटे अपने केंद्र पर उपस्थित रहकर विभागीय कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें।शुक्रवार को विधानसभा स्थित सभागार में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभाग की अधिकांश योजनाएं केंद्र सरकार के सहयोग से संचालित होती हैं और उनकी ऑनलाइन निगरानी नियमित रूप से की जाती है। यदि समय पर डेटा अपलोड नहीं किया गया तो भविष्य में मिलने वाले बजट पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी जिलों में यह सुनिश्चित किया जाए कि बीएलओ की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां रोजाना अपने केंद्रों पर भी आवश्यक विभागीय कार्य पूरा करें। इस संबंध में विभागीय सचिव को सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने के लिए कहा गया है।बैठक के दौरान मंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की भर्ती प्रक्रिया की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है और अगस्त के अंत तक 438 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा 2,773 सहायिकाओं के रिक्त पद भरने का लक्ष्य रखा गया है। इससे राज्य में इन पदों पर शत-प्रतिशत नियुक्तियां पूरी होने की उम्मीद है।मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के आधार कार्ड और अपार आईडी बनने की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी जिला प्रोबेशन अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलाई के अंत तक सभी पात्र बच्चों के आधार कार्ड और अपार आईडी बनवाना सुनिश्चित करें। निर्धारित समयसीमा का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।इसके अलावा बैठक में बच्चों का नियमित वजन दर्ज करने, पोषण ट्रैकर ऐप पर समय पर डेटा अपडेट करने, सभी केंद्रों तक पोषण सामग्री की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा बिजली, पेयजल, शौचालय और रसोई जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर भी विशेष जोर दिया गया।समीक्षा बैठक में विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, मोहित चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



