Home / गढ़वाल न्यूज़ / सीमा क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में, प्रशासन और निहंग पक्ष के बीच बेहतर समन्वय

सीमा क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में, प्रशासन और निहंग पक्ष के बीच बेहतर समन्वय

पांवटा साहिब सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, प्रशासन ने बनाए रखी स्थिति पर पैनी नजरदेहरादून। पंजाब और हिमाचल प्रदेश की ओर से उत्तराखंड सीमा की तरफ बढ़ रहे निहंग सिख समुदाय से जुड़ी गतिविधियों के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हैं। शुक्रवार को पांवटा साहिब सीमा क्षेत्र में हालात सामान्य और शांतिपूर्ण बने रहे। कानून-व्यवस्था को प्रभावित न होने देने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक इंतजाम किए हैं।स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल स्वयं पांवटा साहिब सीमा क्षेत्र पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी बनाए रखने को कहा गया।सीमा क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। देहरादून आने-जाने वाले वाहनों की नियमित जांच की जा रही है, जबकि प्रमुख मार्गों पर निगरानी और चौकसी बढ़ा दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निहंग समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ गुरुद्वारा पांवटा साहिब में लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है, ताकि सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखा जा सके।जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सभी महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा प्रबंध मजबूत किए गए हैं तथा हर गतिविधि पर प्रशासन और पुलिस की नजर बनी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आपसी बातचीत और सहयोग से स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रहेगी।वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा कि सीमा क्षेत्र के साथ-साथ अन्य संभावित प्रवेश मार्गों पर भी पुलिस बल को तैनात किया गया है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले प्रयासों पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर विश्वास न करें और केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं को ही सही मानें। साथ ही सभी नागरिकों से सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *