Home / गढ़वाल न्यूज़ / हरिद्वार पुलिस की दो बड़ी सफलताएं: सीसीटीवी नेटवर्क से लूट का खुलासा, ऑपरेशन प्रहार में वाहन चोर दबोचा

हरिद्वार पुलिस की दो बड़ी सफलताएं: सीसीटीवी नेटवर्क से लूट का खुलासा, ऑपरेशन प्रहार में वाहन चोर दबोचा

रुड़की(संदीप तोमर)। हरिद्वार पुलिस ने लूट की एक सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने 296 सीसीटीवी कैमरों की गहन पड़ताल और सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई बुलेट मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक भी बरामद कर ली है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 को देवबंद निवासी हिमांशु पुत्र राजीव ने अज्ञात बदमाशों द्वारा उनकी बुलेट मोटरसाइकिल (UK08AX-3897) लूटे जाने के संबंध में कोतवाली मंगलौर में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी मंगलौर के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक मंगलौर ने विशेष टीम का गठन किया।
जांच के दौरान पुलिस ने जनपद और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 296 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, स्थानीय अपराधियों की गतिविधियों का विश्लेषण किया और तकनीकी साक्ष्यों को जुटाया। इसी क्रम में 16 जून को मुखबिर की सटीक सूचना पर सर्वानंद घाट,हरिद्वार से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष पुत्र महावीर निवासी ग्राम डोसीनी, थाना लक्सर तथा सिद्धार्थ पुत्र बिरमपाल निवासी ग्राम ढंढेरा, थाना सिविल लाइन, रुड़की के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बुलेट मोटरसाइकिल संख्या UK08AX-3897 तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कमल कांत रतूड़ी,कांस्टेबल रणवीर, कांस्टेबल रोशन,कांस्टेबल दिनेश तथा सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल महिपाल शामिल रहे।
उधर एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना बुग्गावाला पुलिस ने बाइक चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।
थाना बुग्गावाला क्षेत्र के ग्राम बंजारेवाला निवासी शेखर चौहान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 12 जून 2026 की रात उनके घेर से अज्ञात चोर उनकी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर थानाध्यक्ष बुग्गावाला के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने,मुखबिर तंत्र सक्रिय करने और लगातार सुरागरसी-पतारसी के बाद बुधवार को बंजारेवाला पुल के पास से आरोपी दीपक पुत्र राकेश निवासी ग्राम बंजारेवाला, थाना बुग्गावाला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर ग्राम गोकुलवाला स्थित एक खेत से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अरविंद भट्ट,हेड कांस्टेबल गोपाल एवं कांस्टेबल हरिओम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *