Home / गढ़वाल न्यूज़ / हरिद्वार में चेन स्नैचिंग की वारदात, स्कूटी सवार महिला को गिराकर आरोपी ने छीनी सोने की चेन; बच्ची घायल

हरिद्वार में चेन स्नैचिंग की वारदात, स्कूटी सवार महिला को गिराकर आरोपी ने छीनी सोने की चेन; बच्ची घायल

हरिद्वार: कनखल क्षेत्र में स्कूटी सवार महिला और उसकी तीन वर्षीय बेटी को सड़क पर गिराकर सोने की चेन लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, तमंचा, कारतूस और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप कुमार निवासी रघुनाथपुर, मंडावर, बिजनौर के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी चेन लूट की घटनाओं में जेल जा चुका है और अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था।

आईटीआई जगजीतपुर के पास दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार घटना 20 सितंबर की है। गणपतिधाम फेस-3, जमालपुर निवासी रितु अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान आईटीआई जगजीतपुर के पास बाइक सवार आरोपी ने उन्हें रुकने का इशारा किया।

महिला ने स्कूटी नहीं रोकी तो आरोपी ने चलते वाहन में लात मार दी। इससे स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और महिला के साथ उनकी तीन साल की बेटी भी घायल हो गई। इसी दौरान आरोपी महिला के गले से सोने की चेन झपटकर मौके से फरार हो गया। हादसे में बच्ची के सिर पर चोट आई थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि शुक्रवार शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल बाइक सवार जमालपुर-जियापोता रोड की तरफ आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद संदिग्ध बाइक सवार पुलिस के सामने आया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने बाइक पीछे मोड़कर भागने की कोशिश की। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर उसके पास से तमंचा, एक कारतूस और महिला से छीनी गई सोने की चेन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने महिला से चेन लूटने की बात स्वीकार की।

पहले भी चेन लूट के मामलों में जा चुका है जेल

पुलिस जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। एसएसपी के मुताबिक कुलदीप ने वर्ष 2022 में कनखल और रानीपुर क्षेत्र में चेन लूट की घटनाओं में जेल जाने की बात पूछताछ के दौरान स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कनखल, रानीपुर और ज्वालापुर थानों में चोरी, लूट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 में कनखल पुलिस ने उसे पांच सोने की चेनों के साथ गिरफ्तार किया था।

फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *