
केदारनाथ यात्रा पर दो दिन रोक, खराब मौसम के चलते हेली सेवा भी प्रभावित
रुद्रप्रयाग। मौसम विभाग की ओर से जारी रेड अलर्ट के बाद केदारनाथ धाम की यात्रा को लेकर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। यात्रा शनिवार दोपहर से 27 सितंबर तक स्थगित रहेगी।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा स्थगित करने के आदेश जारी किए हैं। प्रशासन का कहना है कि मौसम खराब होने की आशंका के बीच यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।
खराब मौसम का असर केदारनाथ के लिए संचालित होने वाली हेली सेवा पर भी पड़ा। शनिवार को केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन नहीं किया गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के मुताबिक, उत्तराखंड राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून से जारी मौसम पूर्वानुमान में रेड अलर्ट की चेतावनी दी गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए चारधाम यात्रा पर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए केदारनाथ यात्रा को फिलहाल स्थगित किया गया है।
प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की स्थिति और आधिकारिक दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाने की अपील की है। मौसम में सुधार और प्रशासन की अगली समीक्षा के बाद यात्रा को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा।



