देहरादून
देहरादून, 21 जून। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित होने वाली NEET (UG) पुनः परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए दून पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने सभी पुलिस अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम, जैमर, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्गों सहित अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया।अधिकारियों ने परीक्षा संचालन से जुड़े जिम्मेदार कर्मियों को निर्देशित किया कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं परीक्षा केंद्र प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश देने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मोबाइल पुलिस टीमें भी तैनात की जाएंगी।सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। यहां ठहरे व्यक्तियों का सत्यापन करने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।दून पुलिस का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता और अभ्यर्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।



