
पुरोला/उत्तरकाशी : लखपति दीदी सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण पर दिया गया विशेष जोरउत्तरकाशी जिले के पुरोला विधानसभा क्षेत्र में सावन के प्रथम सोमवार के अवसर पर नगर पालिका सभागार में विधानसभा स्तरीय ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ का आयोजन उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा महिला मोर्चा की ओर से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भागीदारी निभाई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दुर्गेश्वर लाल शामिल हुए। इस दौरान महिला मोर्चा पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। विधायक ने सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।अपने संबोधन में विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि किसी भी राज्य और देश के समग्र विकास में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है। उनका कहना था कि आत्मनिर्भर मातृशक्ति ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड की मजबूत आधारशिला है।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। लखपति दीदी योजना, स्वयं सहायता समूह (SHG), प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुद्रा योजना जैसी पहल से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक मजबूती मिली है, जिससे उनकी सामाजिक भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है।विधायक ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार भी महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, कौशल विकास और महिला कल्याण के क्षेत्र में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इन प्रयासों का लाभ प्रदेश की हजारों महिलाओं तक पहुंच रहा है।कार्यक्रम में महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष आनंदी राणा, कार्यक्रम संयोजक राम प्यारी रतूड़ी, जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संचालक किरन रावत, महिला मोर्चा अध्यक्ष ललिता राणा, कमला राणा, मंडल अध्यक्ष रामचंद्र पंवार, मीना सेमवाल, नितिन पंवार, शुभम बिजल्वाण, कपिल नेगी, रवि नेगी, नीतीश पंवार, अजय कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं।



