उत्तराखंड की महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, दून पुलिस की 24 घंटे में कार्रवाईदेहरादून। सोशल मीडिया पर उत्तराखंड की महिलाओं के खिलाफ कथित रूप से अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वाले एक व्यक्ति को दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, भाजपा महिला मोर्चा के एक प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी के संबंध में प्रदेश मंत्री नेहा ने डालनवाला कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि “पहाड़ी प्रेमी राजेन्द्र उत्तराखण्डी” नाम से संचालित फेसबुक अकाउंट से महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली अशोभनीय और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे सामाजिक तनाव और वैमनस्य फैलने की आशंका उत्पन्न हुई।शिकायत के आधार पर डालनवाला थाना पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस टीम ने जांच शुरू कर आरोपी को नई दिल्ली से हिरासत में ले लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेन्द्र सिंह रावत पुत्र प्रेम सिंह, निवासी ग्राम भरगढ़ी, पोस्ट बजवाड़, थाना पौड़ी गढ़वाल (वर्तमान पता: इंद्रापार्क, नई दिल्ली) के रूप में हुई। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की।पुलिस का कहना है कि आरोपी की पोस्ट को लेकर विशेष रूप से महिलाओं में काफी आक्रोश था और इससे सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। इसी आधार पर आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे सुद्धोवाला जिला कारागार भेज दिया गया।पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने, आपत्तिजनक सामग्री साझा करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।




