
उत्तरकाशी में मुख्यमंत्री धामी के पाँच वर्ष पूरे होने पर श्री काशी विश्वनाथ-शक्ति धाम में विशेष वैदिक अनुष्ठानउत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यसेवक के रूप में पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तरकाशी स्थित श्री काशी विश्वनाथ एवं शक्ति मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। वैदिक परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री के नाम से संकल्प लेकर पूजा-अर्चना की गई तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल नेतृत्व के साथ प्रदेश की निरंतर उन्नति एवं जनकल्याण की प्रार्थना की गई।धार्मिक अनुष्ठान के दौरान भगवान शिव का रुद्राभिषेक, माँ शक्ति की आराधना, हवन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विभिन्न पूजन-विधियाँ संपन्न हुईं। श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उत्तराखंड में सुख, शांति, समृद्धि और विकास की कामना करते हुए प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रार्थना की।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने बीते पाँच वर्षों में सुशासन, विकास और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बनने, सशक्त नकलरोधी कानून लागू करने, भू-कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण फैसलों ने प्रदेश की अलग पहचान बनाई है।वक्ताओं ने यह भी कहा कि पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। वहीं निवेश, आधारभूत संरचना के विकास, महिला सशक्तिकरण और सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए किए गए प्रयासों से उत्तराखंड नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना करते हुए विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप आत्मनिर्भर, समृद्ध और अग्रणी उत्तराखंड के निर्माण में अपना सहयोग देने का संकल्प दोहराया।



