

लगातार बारिश से हरिद्वार प्रशासन अलर्ट, डीएम मयूर दीक्षित ने खुद संभाली कमानहरिद्वार। जनपद में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण उत्पन्न होने वाली किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।लगातार हो रही वर्षा के बीच जिलाधिकारी स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जलभराव की स्थिति का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल निकासी की व्यवस्था में तेजी लाने और प्रभावित स्थानों पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।डीएम ने स्पष्ट किया कि यदि कहीं जलभराव, सड़क बाधित होने, भवन क्षति या सरकारी एवं निजी संपत्ति को नुकसान जैसी कोई भी आपदा संबंधी घटना सामने आती है, तो संबंधित अधिकारी बिना देरी राहत एवं बचाव कार्य शुरू करें और इसकी सूचना तुरंत जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराएं।उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को तहसील स्तर पर संचालित आपदा नियंत्रण कक्षों को पूरी तरह सक्रिय रखने और प्राप्त होने वाली हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को भी निर्देशित किया गया है कि किसी भी क्षेत्र से आपदा या जलभराव की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों को तुरंत अवगत कराया जाए तथा राहत एवं बचाव दलों को प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र भेजा जाए।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से पूरे जनपद की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने सभी अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर शिकायत एवं आपदा की सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।




