देहरादून: इंस्टाग्राम पोस्ट से खुला लाखों की ज्वेलरी चोरी का राज, पूर्व घरेलू सहायिका गिरफ्तारदेहरादून। राजपुर थाना पुलिस ने करीब एक वर्ष पुराने लाखों रुपये के आभूषण चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए हैं। इस मामले का खुलासा सोशल मीडिया पर साझा की गई एक तस्वीर के जरिए हुआ।पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को आईटी पार्क स्थित सिक्का किमाया ग्रीन सोसायटी की निवासी नितिशा वत्स ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि लगभग एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के कीमती आभूषण गायब हो गए थे। उस समय उन्हें लगा था कि संभवतः उन्होंने आभूषण कहीं सुरक्षित रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे, इसलिए चोरी की आशंका नहीं हुई।हाल ही में उनके एक परिचित ने इंस्टाग्राम पर एक महिला की तस्वीर दिखाई, जिसमें वह हीरे का ऐसा हार पहने नजर आई जो नितिशा के गायब हुए हार से पूरी तरह मिलता-जुलता था। जांच करने पर पता चला कि तस्वीर उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला की थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।शिकायत मिलते ही राजपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी जानकारी के आधार पर 3 जुलाई 2026 को जोहड़ी रोड क्षेत्र से आरोपी विमला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषण भी बरामद कर लिए गए।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पीड़िता के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। काम के दौरान उसने घर के लॉकर में रखे महंगे आभूषण देखे थे। लालच में आकर उसने मौका मिलने पर हीरे और सोने के गहने चोरी कर लिए। पीड़िता का उस पर पूरा भरोसा था, इसलिए लंबे समय तक किसी को उस पर संदेह नहीं हुआ। आरोपी ने यह भी बताया कि उसने कई बार चोरी के आभूषण बेचने की कोशिश की, लेकिन महंगे होने के कारण उन्हें बेच नहीं सकी।गिरफ्तार आरोपी की पहचान 34 वर्षीय विमला पत्नी रंजीत के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद की रहने वाली है और वर्तमान में देहरादून के जाखन स्थित बापू नगर में रह रही थी।पुलिस ने आरोपी के पास से एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडेंट और एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है।इस सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। कार्रवाई में राजपुर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Home / गढ़वाल न्यूज़ / इंस्टाग्राम पर हीरे का हार दिखाना पड़ा महंगा, लाखों की चोरी का राज खुला, आरोपी सलाखों के पीछे
इंस्टाग्राम पर हीरे का हार दिखाना पड़ा महंगा, लाखों की चोरी का राज खुला, आरोपी सलाखों के पीछे
July 4, 2026
Previous ArticleNext Article



