Home / Uncategorized / उत्तराखंड में कांपी धरती, बागेश्वर क्षेत्र में 3.6 तीव्रता का भूकंप; फिलहाल कोई नुकसान नहीं

उत्तराखंड में कांपी धरती, बागेश्वर क्षेत्र में 3.6 तीव्रता का भूकंप; फिलहाल कोई नुकसान नहीं

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार दोपहर भूकंप के झटकों से लोगों में कुछ देर के लिए हलचल मच गई। जिले के कई हिस्सों में धरती के कंपन को महसूस किया गया। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 दर्ज की गई। झटके महसूस होने के बाद कुछ लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर भी निकल आए।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल के मुताबिक, राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने दोपहर 12 बजकर 35 मिनट 11 सेकंड पर भूकंप दर्ज किया। भूकंप का केंद्र बागेश्वर क्षेत्र में जमीन के भीतर करीब 5 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है। इसकी लोकेशन 29.984 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 79.692 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज की गई।

भूकंप का केंद्र जमीन की सतह से अधिक गहराई पर नहीं होने के कारण आसपास के इलाकों में इसके झटके महसूस किए गए। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार भूकंप से जिले में किसी तरह की जनहानि या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं मिली है।

भूकंप के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए स्थिति पर नजर रखना शुरू कर दिया। जिला आपदा कंट्रोल रूम के माध्यम से जिले की सभी तहसीलों, पुलिस चौकियों और संबंधित राजस्व कर्मियों से जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रशासन की ओर से लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की गई है। साथ ही किसी भी तरह की आपात स्थिति या नुकसान की जानकारी मिलने पर तत्काल जिला आपदा कंट्रोल रूम को सूचित करने को कहा गया है।

फिलहाल जिले में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और प्रशासन संबंधित क्षेत्रों से लगातार फीडबैक ले रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *