
गोमुख ट्रैक पर हादसा: नदी में बहा महाराष्ट्र का 63 वर्षीय यात्री, खराब मौसम से रेस्क्यू अभियान रुका
उत्तरकाशी। गंगोत्री-गोमुख ट्रैक पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गोमुख की ओर जा रहे महाराष्ट्र के 63 वर्षीय यात्री का कच्चीढांग क्षेत्र में अचानक पैर फिसल गया। वह असंतुलित होकर गहरी खाई में जा गिरे और इसके बाद नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। घटना के बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
जानकारी के अनुसार हादसा चीड़बासा से करीब दो किलोमीटर आगे कच्चीढांग के पास हुआ। महाराष्ट्र निवासी रामकुमार हनुमान गुप्ता (63) अपने बेटे विशाल राम कुमार और अन्य साथियों के साथ गोमुख ट्रैक पर गए थे। शुक्रवार को करीब 12 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद कच्चीढांग के समीप यह दुर्घटना हुई।
हादसे के बाद रामकुमार के बेटे और उनके अन्य साथी देर शाम वापस लौटे। उन्होंने कनखू बैरियर पहुंचकर वन विभाग और पुलिस प्रशासन को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही शनिवार सुबह वन विभाग और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
टीम ने खाई और नदी के आसपास के हिस्से में काफी देर तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन यात्री का पता नहीं चल सका। इसी दौरान क्षेत्र में बारिश के साथ बर्फबारी शुरू हो गई। खराब मौसम और कठिन परिस्थितियों को देखते हुए बचाव अभियान रोकना पड़ा।
गंगोत्री नेशनल पार्क के रेंज अधिकारी प्रदीप बिष्ट के मुताबिक, मौसम सामान्य होने पर रविवार को दोबारा खोज एवं बचाव अभियान चलाया जाएगा। फिलहाल टीम वापस गंगोत्री लौट आई है।
हादसे के बाद ट्रैक पर सुरक्षा व्यवस्था और मौसम की चुनौती एक बार फिर सामने आई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बदल रहे मौसम के कारण रेस्क्यू टीम को भी अभियान चलाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।



