Home / गढ़वाल न्यूज़ / H.N.B मेडिकल यूनिवर्सिटी की कार्रवाई, दस्तावेज सत्यापन में गड़बड़ी मिलने पर 15 एमबीबीएस दाखिले निरस्त

H.N.B मेडिकल यूनिवर्सिटी की कार्रवाई, दस्तावेज सत्यापन में गड़बड़ी मिलने पर 15 एमबीबीएस दाखिले निरस्त

फर्जी प्रमाणपत्र मामले में कार्रवाई, सत्यापन के बाद 15 एमबीबीएस दाखिले रद्द

देहरादून। एचएनबी मेडिकल यूनिवर्सिटी ने एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया में दस्तावेजों की जांच के बाद बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले 15 अभ्यर्थियों के दाखिले निरस्त कर दिए गए हैं। जांच में इन अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों को फर्जी पाए जाने के बाद विश्वविद्यालय ने उनके नामों की सूची अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक कर दी है।

एमबीबीएस में प्रवेश के लिए अब तक काउंसिलिंग के दो चरण पूरे हो चुके हैं। तीसरे चरण की काउंसिलिंग मंगलवार से शुरू होने जा रही है। इससे पहले विश्वविद्यालय ने संबंधित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कराया। जिलों से प्राप्त सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर 15 प्रवेश निरस्त करने का निर्णय लिया गया।

काउंसिलिंग के बाद शुरू हुई थी जांच

मामला सामने आने के बाद शुरुआती काउंसिलिंग में शामिल कुछ अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों पर सवाल उठे थे। शिकायतों और सामने आई जानकारी के आधार पर संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस स्तर पर एसआईटी का गठन भी किया गया है।

पुलिस की जांच में अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके अलावा उन संस्थानों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है, जहां से कथित तौर पर फर्जी प्रमाणपत्र तैयार कर जारी किए जाने की बात सामने आई थी। कुछ ऐसे संस्थानों को बंद भी कराया गया है।

सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर लिया फैसला

एचएनबी मेडिकल विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. डॉ. विजय जुयाल ने बताया कि संबंधित जिलों से अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद प्रवेश निरस्त किए गए हैं। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी इसकी जानकारी उपलब्ध करा दी गई है।

उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार से एमबीबीएस प्रवेश के लिए तीसरे चरण की काउंसिलिंग शुरू होगी। सत्यापन प्रक्रिया में सामने आई अनियमितताओं को देखते हुए प्रवेश प्रक्रिया में दस्तावेजों की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *