Home / गढ़वाल न्यूज़ / पिथौरागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, कार दुर्घटना में स्वर्ण व्यवसायी हरीश लाल वर्मा ने गंवाई जान

पिथौरागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, कार दुर्घटना में स्वर्ण व्यवसायी हरीश लाल वर्मा ने गंवाई जान

पिथौरागढ़। पिथौरागढ़-झूलाघाट मार्ग पर जामिरपानी के समीप बुधवार को एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे में वड्डा बाजार के स्वर्ण आभूषण व्यवसायी हरीश लाल वर्मा (52) की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया।

जानकारी के अनुसार, रूईना निवासी हरीश लाल वर्मा पुत्र परम लाल वर्मा अपनी कार संख्या एचआर 26 सीएच 3446 से वड्डा से झूलाघाट की ओर जा रहे थे। बताया गया कि उन्हें वहां अपने रिश्तेदारों से मिलना था। जामिरपानी के पास पहुंचने पर अचानक वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से करीब 150 मीटर नीचे दूसरी सड़क की ओर जा गिरा।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद झूलाघाट थाना पुलिस की टीम एएसआई संतोष कठायत के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार से हरीश लाल वर्मा को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ स्थित मोर्चरी भेज दिया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। कोतवाल संजय कुमार के अनुसार, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

बदहाल सड़क को लेकर उठे सवाल

स्थानीय लोगों के अनुसार पिथौरागढ़-झूलाघाट मार्ग का करीब 32 किलोमीटर हिस्सा कई स्थानों पर खराब स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से होने से वाहन चालकों को परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि मार्ग के संवेदनशील हिस्सों पर सड़क सुधार के साथ सुरक्षा संबंधी इंतजाम किए जाने की जरूरत है।

हादसे में स्वर्ण कारोबारी की मौत की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति सुधारने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *