

केसी वेणुगोपाल के उत्तराखंड दौरे से कांग्रेस ने तेज की चुनावी तैयारियां, संगठन को एकजुट करने पर जोरअखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास पर देहरादून पहुंचे। उनके आगमन पर राजपुर रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों के बीच पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।दौरे के पहले दिन वेणुगोपाल ने जिला एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें कर संगठन की वर्तमान स्थिति, जिलों के राजनीतिक हालात और आगामी चुनावों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया।इसके बाद राष्ट्रीय महासचिव ने प्रदेश कांग्रेस की नवगठित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों का आकलन करते हुए आगामी विधानसभा चुनावों के लिए रणनीति तैयार करने, संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह सहित वरिष्ठ नेताओं ने अपने सुझाव साझा किए।वेणुगोपाल ने पार्टी के फ्रंटल संगठनों, विभागों और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ भी समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी संगठन आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करें। उन्होंने युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल और अन्य इकाइयों को जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने तथा भाजपा सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।उन्होंने सभी पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया। उनका कहना था कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राष्ट्रीय महासचिव के दौरे से प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के दम पर पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी पूरी मजबूती से करेगी।बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, गोविंद सिंह कुंजवाल, काजी निजामुद्दीन, प्रदीप टम्टा, करण माहरा सहित प्रदेश, जिला और महानगर स्तर के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




