187 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, सीएम धामी बोले—जनसेवा और ईमानदारी से निभाएं नई जिम्मेदारीदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 में सफल 182 अभ्यर्थियों और कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक पद पर चयनित 5 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने सभी चयनित युवाओं को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल सरकारी नौकरी का प्रमाण नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की जनता द्वारा जताए गए भरोसे और जनसेवा के दायित्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी की वास्तविक पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार, कार्यशैली और आम लोगों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण से बनती है।उन्होंने बताया कि पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के लिए करीब डेढ़ लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि 71 हजार से अधिक उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद 182 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जो उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है।मुख्यमंत्री ने नवचयनित अधिकारियों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सरकारी कार्यालयों में सम्मानजनक व्यवहार और समयबद्ध समाधान मिलना चाहिए।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून को लागू किया है। इसी का परिणाम है कि युवाओं का सरकारी भर्ती परीक्षाओं पर विश्वास पहले से अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दे चुकी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें नौकरी के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े। उन्होंने दोहराया कि “पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी” उत्तराखंड के विकास की सबसे बड़ी ताकत है और सरकार इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड को इस दशक का राज्य बनाने का जो विजन दिया है, उसे साकार करने में नए अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने सभी चयनित अधिकारियों से ईमानदारी, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जो अधिकारी पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करेंगे, उनके साथ राज्य सरकार मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों से किसी भी प्रकार के दबाव से मुक्त रहकर संविधान और कानून के अनुरूप कार्य करने की अपेक्षा जताई।कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, राम सिंह कैड़ा, विधायक सविता कपूर, गोरखा कल्याण परिषद की अध्यक्ष ज्योति कोटिया, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Home / गढ़वाल न्यूज़ / सीएम धामी बोले: नियुक्ति पत्र सिर्फ नौकरी नहीं, जनसेवा और जनता के विश्वास की जिम्मेदारी है
सीएम धामी बोले: नियुक्ति पत्र सिर्फ नौकरी नहीं, जनसेवा और जनता के विश्वास की जिम्मेदारी है
July 4, 2026
Previous ArticleNext Article



